पिथौरागढ़ जिले के बेरीनाग में राष्ट्रीय सेवा संघ के अध्यक्ष की ओर से अवैध रूप से बनी तथाकथित मस्जिद के विरोध में नौ नवंबर को धरने की चेतावनी के बाद प्रशासन हाई अलर्ट पर है। जिलेभर के थानों से पुलिस फोर्स बेरीनाग पहुंच गई है। देर शाम पुलिस ने नगर में फ्लैग मार्च किया। तनाव की संभावनाओं को देखते हुए नगर में धारा 163 लागू की गई है।राष्ट्रीय सेवा संघ के अध्यक्ष हिमांशु जोशी का आरोप है कि बेरीनाग पुराना बाजार स्थित एक मकान को अवैध रूप से मस्जिद के रूप संचालित किया जा रहा है। तथाकथित मस्जिद को हटाने की मांग को लेकर सेवा संघ अगस्त से आंदोलन करते आ रहा है।
अगस्त से उठ रही आवाज
सेवा संघ अगस्त से प्रशासन से प्रकरण की जांच कराने की मांग करता रहा है। अभी तक किसी तरह की कार्रवाई न होने पर सेवा संघ अध्यक्ष ने राज्य स्थापना दिवस पर धरना, प्रदर्शन की चेतावनी दी है। चेतावनी को देखते हुए बेरीनाग एसडीएम श्रेष्ठ गुनसोला के साथ गंगोलीहाट एसडीएम यशवीर सिंह को भी मौके पर तैनात कर दिया गया है।
माहौल बिगड़ता वालों पर होगी कार्रवाई: एसडीएम
एसडीएम श्रेष्ठ गुनसोला ने बताया कि किसी भी प्रकार की अराजकता, अशांति फैलाने, सांप्रदायिक सौहार्द को बिगाडऩे वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। राष्ट्र सेवा संघ को तहसील कार्यालय से गणेश चौक तक शांतिपूर्ण जुलूस निकालने की अनुमति दी गई है।





