सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने नेपाल निवासी युवक से चरस बरामद की है। भारत-नेपाल सीमा पर जांच के दौरान युवक से 224 ग्राम चरस मिली। चरस व आरोपित को बनबसा पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने अभियुक्त के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट में प्राथमिकी की है।
एसएसबी 57वीं वाहिनी की बनबसा चौकी भारत-नेपाल सीमा पर आवागमन करने वालों नजर रखती है। रविवार शाम नेपाल से भारत आ रहे युवक के सामान की जांच की गई। एक्सरे मशीन से चेकिंग में बैग में संदिग्ध सामग्री होना प्रतीत होने पर उसे खोलकर देखा गया। आरोपित के बैग से चरस मिली। अभियुक्त की पहचान 37 वर्षीय धनलाल, निवासी ग्राम दौलाल, जिला बाजांग, नेपाल के रूप में हुई। पूछताछ में अभियुक्त ने नेपाल से चरस जे लाकर उत्तराखंड के केदारनाथ में ऊंची कीमत में बेचने की बात स्वीकारी। एसएसबी की सक्रियता से योजना को ध्वस्त कर दिया। एसएसबी के कार्यवाहक कमांडेंट मनोज कुमार ने मादक पदार्थ पकड़ने वाली टीम की सराहना की है। टीम में एएसआइ मार्कंडेय यादव, आरक्षी अर्जुन सिंह, आकांक्षा, कोसम बेन शामिल रहे।





