एक दंपती ने अपनी जरूरतों के लिए पहले क्रेडिट कार्ड की लिमिट बनवाई। फिर उससे जमकर खरीदारी की। बाद में जब क्रेडिट कार्ड की किस्त न चुका पाने पर पति-पत्नी झपटमार बन गए। मामला गाजियाबाद का है। दोनों ने एक माह में चेन लूट की दो वारदात कर डाली। 700 सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद पुलिस दोनों तक पहुंची।
स्कूटी चलाने में माहिर है पत्नी
पुलिस के अनुसार महिला स्कूटी चलाने में इतनी माहिर थी कि पीछा करने के बाद भी पुलिस उसे दबोच नहीं पाई। कविनगर निवासी विवेक पांडेय ने पुलिस को बताया कि पांच माह पहले बजाज अलायंज कंपनी से उसकी नौकरी छूट गई थी। फ्लैट का किराया और बीते वर्ष क्रेडिट कार्ड पर लिए दो लाख रुपये के लोन की किस्त चुकाने के लिए उसने लूट की योजना बनाई। उसकी पत्नी कीर्ति भी लूट में सहयोग के लिए तैयार हो गई।
चेन लूटी और बेच दी
29 अक्टूबर को दोनों ने क्रासिंग रिपब्लिक क्षेत्र से एक महिला से चेन लूटी और 30 हजार रुपये में बेच दी। 15 नवंबर को अलका अग्रवाल नामक महिला से चेन लूटी। वारदात के समय कीर्ति स्कूटी स्टार्ट कर हेलमेट लगाकर तैयार बैठी थी। विवेक ने महिला की चेन लूटी और स्कूटी पर बैठकर दोनों पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए। स्कूटी में लगा सोसायटी का स्टीकर भी आधा फाड़ा हुआ था।
ये भी पढ़ें: कभी NGO चलाने वाली मुक्ति दत्ता ने सरकारी कब्जे वाली जमीन बेचकर 1.35 करोड़ ठगे
स्कूटी का नंबर प्लेट मोड़ी
शातिर ने स्कूटी की नंबर प्लेट भी कैमरे की निगाह में आने से बचने के लिए मोड़ी हुई थी। एसीपी लिपि नगायच ने बताया कि पति- पत्नी ने एक महीने में दो लूट की थीं। कई सीसीटीवी देखने के बाद दोनों की पहचान हो सकी।






1 thought on “कर्ज का मर्ज: नौकरी छूटी तो झपटमार बन गया नव युगल”