चंपावत जिले में जंगल जलाने के लिए अज्ञात बारातियों पर प्राथमिकी हुई है। वन पंचायत सल्ली और उससे लगे आरक्षित वन भूमि में आग लगाने पर वन विभाग ने यह कार्रवाई की है। चंपावत वन प्रभाग में जंगल की आग के लिए बारातियों पर प्राथमिकी होने का यह पहला मामला है। चंपावत जिले के ग्राम कांडा से शुक्रवार को कुकड़ोनी गांव में बारात आई थी। बारातियों और बाजे-गाजे के साथ दूल्हा सल्ली-कुकड़ोनी पैदल मार्ग से होते हुए दुल्हन के घर पहुंचा।
दूल्हा-दुल्हन व समाज को पौधारोपण और पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से वन आरक्षी बलवंत भंडारी पौधे लेकर विवाह स्थल जा रहे थे। तभी उन्होंने सल्ली के जंगल में आग लगी देखी। आरक्षाी ने इसकी जानकारी उच्चाधिकारियों को दी। टीम भेजकर आग बुझाने का प्रयास किया गया। शुक्रवार को हुई वनाग्नि की घटना में 14 हेक्टेयर जंगल जल गया। प्रथम दृष्टया बारात के गुजरते समय जंगल में आग लगने की घटना का संज्ञान लेते हुए वन क्षेत्राधिकारी चंपावत रेंज दिनेश जोशी ने वन अधिनियम की धाराओं में अज्ञात बारातियों के विरुद्ध प्राथमिकी की है। इससे दोनों गांव के ग्रामीण चिंता में आ गए हैं। डीएफओ नवीन पंत का कहना है कि प्रथम दृष्टया बारातियों की लापरवाही से आग लगना प्रतीत होता है। जांच के बाद संलिप्तता वाले लोगों पर नामजद मुकदमा दर्जा होगा।





