पूर्णागिारि मेला जारी है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु माता के धाम आ रहे हैं। इधर, इनाम का झांसा देकर सट्टेबाज इन दिनों श्रद्धालुओं को अपने जाल में फंसाकर हजारों रुपये लूट रहे हैं। पुलिस प्रशासन इन घटनाओं से मूकदर्शक बना हुआ है। पूर्णागिरि मेले में उत्तर प्रदेश, दिल्ली, नेपाल से भारी संख्या में श्रद्धालु पूर्णागिरि धाम के दर्शन को पहुंच रहे हैं। दर्शन करने के बाद श्रद्धालु भारत-नेपाल सीमा से लगे सिद्धबाबा मंदिर भी जाते हैं। नेपाल मार्ग पर शारदा बैराज में सट्टेबाज मासूम श्रद्धालुओं को लालच देकर अपने जाल में फंसा रहे हैं। श्रद्धालु महेश ने बताया कि वह दर्शन के बाद इन सट्टेबाजों के जाल में फंसकर अपने घर जाने के लिए टिकट के पैसे भी नहीं बचा पाए हैं। इधर ई-रिक्शा यूनियन के चालकों ने बताया कि यह धंधा बहुत दिनों से चल रहा है। पूरनपुर से चार-पांच लोगों का यह गिरोह इस समय टनकपुर में आया हुआ है। जिसमें स्थानीय लोग भी सट्टेबाजों के साथ शामिल हैं। वहीं पुलिस भी इस सट्टेबाजी से बेखबर है। एसएसआइ पूरन तोमर ने बताया कि सट्टेबाजों की पहचान की जा रही है। शीघ्र उन्हें गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने श्रद्धालुओं से किसी भी तरह के लालच में आकर कोई खेल न खेलने की हिदायत दी है।




