नानकमत्ता डेरा कारसेवा प्रमुख बाबा तरसेम सिंह की हत्या के मामले में फरार दो लाख का इनामी पंजाब से गिरफ्तार हुआ है। ऊधम सिंह नगर व पंजाब पुलिस की संयुक्त टीम ने तरणतारण से उसे गिरफ्तार किया।
वर्ष 2024 में 28 मार्च को बाबा तरसेम सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मामले में पुलिस ने दो शूटरों की पहचान सर्वजीत सिंह और अमरजीत सिंह उर्फ बिट्टू के रूप में की थी। पुलिस नेवशूटर सर्वजीत सिंह और अमरजीत के साथ ही बाईस्ता गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी नानकमत्ता साहिब के प्रधान और पूर्व आइएएस हरबंस सिंह चुघ, तराई महासभा के उपाध्यक्ष प्रीतम सिंह संधू और गुरुद्वारा श्री हर गोविंद सिंह रतनपुरा नवाबगंज के मुख्य जत्थेदार बाबा अनूप सिंह पर प्राथमिकी की। पुलिस ने हत्यारोपित फरार शूटर की तलाश करते हुए उन पर एक लाख का इनाम घोषित किया था। हत्या के षड़यंत्र में शामिल और शूटरों को राइफल उपलब्ध कराने वाले दिलबाग सिंह, अमनदीप सिंह उर्फ काला, हरमिंदर उर्फ पिंदी, बलकार सिंह, परगट सिंह, जसपाल सिंह भट्टी उर्फ मिंटू व सुखदेव सिंह उर्फ सोनू के साथ ही सुल्तान व सतनाम को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। शूटर अमरजीत सिंह उर्फ बिट्टू हरिद्वार में मुठभेड़ में मारा गया था। दूसरा शूटर सर्वजीत सिंह पर पुलिस ने दो लाख का इनाम घोषित कर उसकी तलाश शुरू कर दी थी। एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने बताया कि बीते दिनों सर्वजीत के विरुद्ध कुछ इनपुट मिले थे। जिसके बाद पुलिस और एसओजी की टीम पंजाब को रवाना की गई थी। बुधवार को पंजाब पुलिस के साथ मिलकर सर्वजीत सिंह को तरणतारण पंजाब से गिरफ्तार कर लिया है। उसे पुलिस ऊधम सिंह नगर के लिए लेकर आ रही है।





