गुलदार के हमले बढ़ते जा रहे हैं। अल्मोड़ा जिले के स्याल्दे ब्लॉक में गुलदार ने पांच लोगों पर हमला कर घायल कर दिया। एक ही दिन में पांच लोगों पर गुलदार के हमले से क्षेत्र में दहशत फैल गई। क्षेत्र में इस तरह की अपने आप में पहली घटना है। रविवार को गुलदार ने बरगल गांव के दो बुजुर्ग बहनों समेत एक अन्य ग्रामीण और दो नेपाली मजदूरों को घायल कर दिया। ग्रामीणों ने घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया है।
बताया जा रहा है कि मालखेड़ा नारायण मंदिर के पास सुबह दो नोपाली मजदूर अपने कमरे के समीप थे। सुबह साढ़े सात बजे अचानक गुलदान ने दोनों नेपाली मजदूरों पर हमला कर दिया। जिसमें नेपाल निवासी प्रेम और गणेश सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। लोगों के शोर मचाने के बाद गुलदार वहां से भाग गया। इसके बाद करीब नौ बजे बरगल गांव में गुलदार ने तीन लोगों पर हमला कर दिया। जिसमें हयात सिंह, गंगा देवी और बच्ची देवी घायल हो गए। सभी घायलों के हाथ व गर्दन में गुलदार के दांतों के निशान है। एक के बाद एक हुए हमले से लोगों में दहशत फैल गई। घटना की सूचना वन विभाग को दी गई। वन विभाग की टीम गुलदार को पकड़ने के लिए कार्रवाई कर रही है।





