राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के कायाकल्प कार्यक्रम के तहत अस्पताल व आरोग्य केंद्रों को अवार्ड दिया गया है। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों की श्रेणी में पाटी ने जिले में पहला स्थान प्राप्त कर दो लाख रुपये जीते हैं। पीएचसी बनबसा, पुल्ला, बाराकोट, चल्थी ने 50-50 हजार रुपये का अवार्ड के तौर पर जीते हैं। अपनी श्रेणी में एकमात्र होने से जिला अस्पताल ने तीन लाख रुपए अवार्ड के तौर पर जीते। टनकपुर उप जिला अस्पताल ने एक लाख रुपये अवार्ड जीता है। डाक्टरों के अभाव में बदहाल हुआ लोहाघाट उप जिला अस्पताल कायाकल्प कार्यक्रम के मानकों पर भी खरा नहीं उतर सका।
आरोग्य मंदिरों में गढ़ीगोठ बेहतर
आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में सर्वोत्तम आयुष्मान आरोग्य मंदिर गढ़ीगोठ ने जिले में पहला स्थान पाकर एक लाख रुपये जीता है। गुरौली ने 50 हजार, उचैलीगोठ ने 35 हजार रुपये अवार्ड जीता है। इराकोट, चल्थी, सूखीढांग मटियाल, भगाना मेहरा, बर्दाखान, चंदनी, तामली, बनबसा, धुरा, लुपड़ा रैगांव, पनिया ने सांत्वना के तौर पर 25-25 हजार की राशि जीती।
मूल्यांकन के मानक
जिला व राज्य स्तरीय कायाकल्प टीम अस्पतालों का पहले, दूसरे व तीसरे चरण में मूल्यांकन करती है। इसे बायोमेडिकल वेस्ट मैनेजमेंट, इंफेक्शन कंट्रोल, हाइजीन प्रमोशन, हास्पिटल अप की आदि गुणवत्ता के आधार पर तय किया जाता है। अच्छी गुणवत्ता वाले अस्पतालों का अवार्ड दिया जाता है, ताकि दूसरे अस्पताल प्रेरणा ले सकें।
डीएम ने कार्मिकों को सराहा
जिला स्वास्थ्य समिति अध्यक्ष डीएम नवनीत पांडे, सीएमओ डा. देवेश चौहान ने कहा कि पुरस्कार से कार्मिकों का मनोबल बढ़ेगा। भविष्य में सेवाओं को और बेहतर बनाया जाएगा। डीएम ने कार्यक्रम सहयोगी डा. गौरांग जोशी, एनएचएम कार्यक्रम प्रबंधक गौरव पांडेय, सहायक प्रबंधक प्रेम बल्लभ भट्ट, रूपेश ममगई आदि की प्रशंसा की है।





