
नए तरह के वायरस ह्यूमन मेटान्यूमो वायरस (HMPV) के मामले बढ़ने शुरू हुए हैं। कर्नाटक, तमिलनाडु, गुजरात, महाराष्ट्र समेत कई राज्यों में इस वायरस के मामले सामने आ चुके हैं। अब असम का नाम भी सूची में जुड़ गया है। असम में 10 माह के बच्चे में एचएमपीवी संक्रमण का पता चला है। बच्चे को डिब्रूगढ़ स्थित असम मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। बच्चा चार दिन पहले सर्दी-जुकाम जैसे लक्षणों के कारण अस्पताल में भर्ती हुआ था। शनिवार को ICMR- RMRC से परीक्षण रिपोर्ट मिलने के बाद बच्चे में HMPV संक्रमण की पुष्टि हुई है।
क्या है HMPV?
ह्यूमन मोटान्यूमोवायरस, जिसे HMPV के छोटे नाम से जाना जाता है। इंसानों की श्वसन प्रक्रिया पर प्रभाव डालने वाला वायरस है। इसकी पहली बार पहचान 2001 में हो गई थी। तब नीदरलैंड के वैज्ञानिकों ने इसका पता लगाया था। यह पैरामाइक्सोविरीडे परिवार का वायरस है। श्वसन संबंधी अन्य वायरस की तरह यह भी संक्रमित लोगों के खांसने-छींकने के दौरान उनके करीब रहने से फैलता है। कुछ अध्ययन में दावा किया गया है कि यह वायरस पिछले छह दशकों से दुनिया में मौजूद है। डॉक्टर कहते हैं कि इससे घबराने की नहीं, बल्कि सतर्कता और सावधानी की जरूरत है।





