जिला अस्पताल को बाल रोग व स्त्री रोग विशेषज्ञ देने की मांग लंबे समय से उठ रही है। स्वास्थ्य विभाग नियमित डाक्टरों की नियुक्ति नहीं करा पा रहा है। निकाय चुनाव की कसरत के बीच दोनों विशेषज्ञ डाक्टरों की रोस्टर के आधार पर तैनाती की गई है। कुमाऊं के विभिन्न अस्पताल में कार्यरत आठ स्त्री रोग विशेषज्ञ व चार बाल रोग विशेषज्ञ बारी-बारी से जिला अस्पताल में अपनी सेवाएं देंगे। डीजी हेल्थ तारा आर्या की ओर से जारी आदेश के अनुसार गायनी विभाग में नैनीताल, अल्मोड़ा, ऊधमसिंह नगर के पांच अस्पतालों से आठ डाक्टरों को 10-10 दिनों के रोस्टर पर चंपावत भेजा है। वहीं हल्द्वानी महिला अस्पताल व उप जिला अस्पताल से चार बाल रोग विशेषज्ञों को 15-15 दिनों के रोस्टर पर चंपावत भेजा है। स्त्री रोग विशेषज्ञ का रोस्टर अगले वर्ष पांच मार्च व बाल रोग विशेषज्ञ का 13 फरवरी को समाप्त होगा।
पहले तीन माह रोस्टर पर चला गायनी विभाग
जून 2024 से जिला अस्पताल में स्त्री रोग विशेषज्ञ नहीं है। पूर्व में 27 जुलाई से लेकर 24 अक्टूबर के बीच भी गायनी विभाग को तीन माह के लिए रोस्टर पर चलाया गया था। रोस्टर समाप्त होने के बाद फिर से प्रसूताओं का उपचार मिलना बंद हो गया था। नियुक्ति की मांग उठी तो दो डाक्टरों की तैनाती के आदेश हुए लेकिन दोनों ने कार्यभार नहीं संभाला। वहीं, दिसंबर 2023 से बिना बाल रोग विशेषज्ञ के चल रहे जिला अस्पताल में एक वर्ष बाद रोस्टर के आधार पर बाल रोग विशेषज्ञ भेजा गया है।
जनहित को देखते हुए बनाई व्यवस्था: सीएमओ
सीएमओ डा. देवेश चौहान का कहना है कि नियमित डाक्टरों की नियुक्ति के लिए आदेश हुए थे। अपनी परेशानी बताकर कार्यभार नहीं संभाला है। जनहित को देखते हुए कुछ समय के लिए गायनी व बाल रोग विशेषज्ञ को रोस्टर के आधार पर तैनात किया है। दोनों ने कार्यभार संभाल लिया है।





