नगर निकाय चुनाव के लिए नामांकन की तिथि बस एक दिन दूर है, लेकिन किसी भी राजनीतिक दल ने अभी तक प्रत्याशियों के नाम तय नहीं किए हैं। ऐसे में दावेदारों की धड़कन तेज हो गई है। किसे टिकट मिलेगा और किसका टिकट कटेगा इसको लेकर चिंता शुरू हो गई है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की विधानसभा चंपावत नगर पालिका के लिए अध्यक्ष का टिकट किसे मिलेगा, इसकी स्थिति भी अभी तक साफ नहीं हो पाई है। भाजपा से अध्यक्ष के टिकट के लिए 10 लोगों ने दावेदारी की है। पार्टी सूत्रों की मानें तो गुरुवार देर रात तक या शुक्रवार को प्रत्याशियों के नाम घोषित हो सकते हैं।
चार नाम पैनल में पहुंचे
पार्टी सूत्रों की मानें तो चंपावत नगर पालिका अध्यक्ष के लिए चार नाम प्रदेश नेतृत्व के सामने गए हैं। चार दावेदारों में से किसी एक नाम पर मोहर लग सकती है। फाइनल लिस्ट में शामिल चार नाम से कई दावेदारों को धक्का लग सकता है। एक नाम के निर्दलीय चुनाव में उतरने की चर्चा है।
तीन तहसील में होंगे नामांकन
चंपावत जिले की चार नगर निकायों का नामांकन तीन शहरों में होगा। नामांकन 27 दिसंबर से 30 दिसंबर तक सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक तक होगा। चंपावत नगर पालिका के लिए अध्यक्ष और वार्ड सदस्यों के लिए नामांकन चंपावत तहसील परिसर व लोहाघाट नगर पालिका के लिए नामांकन लोहाघाट तहसील परिसर में होगा। टनकपुर नगर पालिका और बनबसा नगर पंचायत अध्यक्ष व वार्ड सदस्यों के लिए नामांकन पूर्णागिरि तहसील परिसर में होगा। इसके लिए तीनों तहसील परिसर में बैरिकेडिंग और अन्य सभी व्यवस्थाएं की जा रही है। चंपावत के जिला निर्वाचन अधिकारी नवनीत पांडे ने बताया कि चंपावत जिले के निकायों के नामांकन की सभी प्रक्रिया पूरी कर ली गई है।
जिले में 33 हजार से अधिक मतदाता
चंपावत जिले की चार नगर निकायों में कुल 34 वार्डों में 33510 मतदाता हैं। नौ वार्ड वाले चंपावत नगर पालिका में 7486 वोटर, 11 वार्ड वाले टनकपुर में 14826, सात वार्ड वाले लोहाघाट नगर पालिका में 6326 मतदाता और सात वार्ड वाले बनबसा नगर पंचायत में 4872 वोटर हैं।





