कालेज जा रहे छात्र की डंपर की चपेट में आने से मौत हो गई। बाइक से जा रहा युवक सामने से आ रहे डंपर की चपेट में आ गया। अस्पताल ले जाने से पहले ही युवक की सांसें थम गईं। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजन को सौंप दिया। मृतक के पिता नगर के प्रतिष्ठित व्यापारी हैं।
फुलारागांव के पास हुआ हादसा
तल्लीहाट निवासी 20 वर्षीय निखिल राय पुत्र प्रयाग राय बुधवार सुबह बाइक संख्या यूके03ए 9453 से परीक्षा देने चंपावत कालेज जा रहा था। कोतवाली से करीब 500 मीटर आगे फुलारागांव के पास निखिल की बाइक सामने से आ रहे डंपर संख्या यूके03 सीए 2299 से टकरा गई। चंपावत कोतवाली के एसआइ ललित पांडेय ने बताया कि सिर में चोट लगने से निखिल गंभीर रूप से घायल हो गया। बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। सीएमएस डा. प्रदीप बिष्ट ने बताया कि निखिल की अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत हो गई थी।
फेसबुक पर सक्रिय रहा था निखिल
मृतक निखिल के पिता प्रयाग राय भैरवा चौराहे पर बिजली उपकरण की दुकान चलाते हैं। मां अनीता राय राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन में आशा कार्यकर्ताओं की ब्लाक समन्वयक हैं। निखिल की बड़ी बहन की कुछ वर्ष पहले शादी हुई है। निखिल स्नातक प्रथम वर्ष का छात्र था। वह परीक्षा देने कालेज जा रहा था। वह फेसबुक पर काफी सक्रिय रहता था। घटना के बाद मृतक के घर पर सांत्वना देने वालों की भीड़ लगी रही। विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी, पूर्व पालिकाध्यक्ष विजय वर्मा, व्यापारी नेता विजय साह, सीएम कैंप कार्यालय के नोडल केएस बृजवाल समेत अन्य लोगों ने शाेक जताया है।






1 thought on “परीक्षा देने कालेज जा रहा था निखिल, रास्ते में काल बनकर आ गया डंपर”