उद्यान विभाग में करोड़ों के घोटाले के मामले में निलंबित तत्कालीन निदेशक डॉ. एचएस बवेजा पर लगे आरोपों की जांच कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत करेंगे। शासन के निर्देश के क्रम में आयुक्त ने उत्तरकाशी के जिला उद्यान अधिकारी सहित तत्कालीन उद्यान सचल दल प्रभारी को 13 दिसंबर को दस्तावेजों के साथ हल्द्वानी कैंप कार्यालय तलब किया है।
करगेती ने दायर की जनहित याचिका
वर्ष 2023 में नैनीताल हाई कोर्ट ने रानीखेत निवासी पर्वतीय कृषक कृषि बागबानी और उद्यमी संगठन के सचिव दीपक करगेती की जनहित याचिका पर सुनवाई करते हुए उद्यान विभाग में पौधों की खरीद सहित अन्य मामलों में घोटाले की सीबीआइ जांच के आदेश दिए थे। सीबीआइ मामले की जांच आरंभ कर चुकी है। अब तक तीन मुकदमे दर्ज हो चुकी हैं।
घटिया पौधे आपूर्ति करने का आरोप
इस वर्ष अगस्त में अपर सचिव ने तत्कालीन उद्यान निदेशक एचएस बवेजा पर लगे आरोपों की जांच के लिए कुमाऊं कमिश्नर को जांच अधिकारी नियुक्त किया था। आरोप के बाद बवेजा निलंबित हैं। आरोप था कि निदेशक पद के कार्यकाल के दौरान बवेजा ने मैसर्स अनिका ट्रेडर्स के स्वामी नितिन शर्मा, निवासी रायवाला ऋषिकेश की ओर से ग्राम लोचन, पोस्ट ओड़गांव, तहसील बड़कोट उत्तरकाशी के लिए लाइसेंस जारी करने में मिलीभगत की। घटिया पौधों की आपूर्ति कर राजस्व का नुकसान किया। अब आयुक्त ने इस मामले में जिला व मुख्य उद्यान अधिकारी के साथ ही तत्कालीन प्रभारी उद्यान सचल दल केंद्र डामटा, उत्तरकाशी को भी हल्द्वानी में कैंप कार्यालय में तलब किया है।
सीबीआइ की चार्जशीट का इंतजार
शिकायतकर्ता करगेती का कहना है कि सीबीआइ ने घपले में मुकदमे दर्ज कर लिए हैं। चार्जशीट का इंतजार है, लेकिन विभागीय जांच कब पूरी होगी, कहना मुश्किल है। इधर, बवेजा सेवानिवृत्ति की उम्र पूरी कर चुका है।





