शातिर रेहान से रोहन बन गया। पहचान छिपाकर नाबालिग को प्रेमजाल में फंसाया और फिर उससे मिलने आसाम से चंपावत पहुंच गया। पहली ही मुलाकात में उससे मिलने के लिए होटल बुक करा लिया। होटल कर्मी को आईडी पर शक हुआ और फिर आरोपित धरा गया। आसाम निवासी युवक के विरुद्ध पुलिस ने पॉक्सो समेत अन्य धाराओं में प्राथमिकी की है।
विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी समेत अन्य लोग मंगलवार को एसपी से मिले। जिसके बाद पुलिस ने प्राथमिकी की। नगर निवासी चंदन बिष्ट ने तहरीर देकर कहा है कि आसाम निवासी रेहान अली ने रोहन बिष्ट के नाम से इंस्टाग्राम पर आइडी बनाई। जिससे जिले की एक नाबालिग किशोरी को प्रेम जाल में फंसाया। मंगलवार को विहिप व बजरंग दल से जुड़े मोहित पांडेय, चंद्र किशोर बोहरा, प्रकाश तिवारी, भुवन पांडेय, विकास साह, गौरव पांडेय, चंदन बिष्ट, भूपेंद्र महर, प्रशांत सम्राट ने एसपी अजय गणपति से मुलाकात की। कहा कि आरोपित रेहान के मोबाइल से पता चला है कि वह कई लड़कियों से बात करता था। कोतवाली पीएस नेगी ने बताया कि आरोपित रेहान के विरुद्ध छल, किशोरी के सम्मान को ठेस पहुंचाने, पॉस्को व आइटी एक्ट में प्राथमिकी की है। आरोपित को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।




