मानसिक विकृत बेटे ने मां की हत्या की, घर के भीतर शव था अपना बाहर नाचता रहा

अपराध/दुर्घटना

अल्मोड़ा जिले के दन्या थाना क्षेत्र में महिला की हत्या का मामला सामने आया है। हत्या का आरोप मृतका के बेटे पर ही लगा है। आरोपी मानसिक रूप से कुछ विकृत है। पुलिस से आरोपी को हिरासत में लिया है। मृतका का शव कब्जे में लिया गया है। रविवार को पोस्टमार्टम होगा।
धौलादेवी ब्लॉक के नैनोली ग्राम पंचायत के तोक पचेल निवासी 55 वर्षीय गोपुली देवी पत्नी लीलाधर भट्ट का अपने ही मकान के भीतर शव मिला है। पुलिस के अनुसार मृतका के बेटे गोकुल उर्फ गोलू का मानसिक स्थिति कुछ वर्षों से ठीक नहीं है। वह आए दिन माता-पिता से मारपीट करता है। डर की वजह से कुछ माह पहले से माता-पिता ने घर पर रहना बंद कर दिया था।

तीन किमी दूर रहते थे पति-पत्नी
वह तीन किमी दूर किसी के पुराने घर पर रहते थे। गोकुल अपने घर पर रहता था। शुक्रवार शाम चार बजे गोपुली देवी जानवरों को चारा-पानी देने आई थी। वह रात वापस नहीं लौटी। शनिवार को लीलाधर ने गांव में कुछ लोगों को फोन कर पत्नी की जानकारी ली। किसी ने उसके दिखने से मना किया। अनहोनी का अंदेशा होने पर पुलिस को जानकारी दी गई।

पुलिस पर भी हमलावर हुआ आरोपी
दन्या से पहुंची पुलिस टीम की मौजूदगी में घर में देखा गया। घर के भीतर गोपुली देवी का शव पड़ा था। उसकी मांग भरी गई थी। चेहरे, गले के आसपास सिंदूर बिखरा था। कपड़े भी बिखरे हुए थे। इससे मृतका के साथ जोर-जबरदस्ती होने का भी अंदेशा है। आरोपी आंगन में नाच रहा था। शुरुआती तौर पर गला दबाकर हत्या की बात कही जा रही है। हालांकि इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगी। आरोपी ने पुलिस टीम पर भी हमले का प्रयास किया। ग्रामीणों की मदद से उसे हिरासत में लिया गया।

Tagged

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *