अल्मोड़ा जिले में पीएमजीएसवाई के कार्यों में लापरवाही का मामला इन दिनों में सुर्खियों में है। खासकर दन्या-आरासलपड़ सड़क में घटिया डामरीकरण का मामला सोशल मीडिया और समाचार पत्रों में छाया हुआ है। इस मामले में पीएमजीएसवाई अल्मोड़ा के मुख्य अभियंता के ऊपर गाज गिरी है। मुख्य अभियंता एसएन सिंह पर सड़कों का निरीक्षण कर आख्या उपलब्ध कराने और बिना बताए कार्यालय में अनुपस्थित रहने का आरोप है। सिंह को उनके मूल विभाग सिंचाई को भेजा गया है। सचिव ग्राम्य विकास के निर्देश पर उत्तराखंड ग्रामीण विकास सड़क अभिकरण (यू.आर.डी.ए) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी हिमांशु खुराना ने सिंह को मूल विभाग भेजने का आदेश जारी किया है।अधीक्षण अभियंता पीएमजीएसवाई वृत्त ज्योलीकोट अपने कार्यों के साथ मुख्य अभियन्ता, पीएमजीएसवाई कुमाऊं का कार्यभार संभालेंगे।
जिम्मेदार अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस
दन्या-आरासल्पड़ मोटर मार्ग गुणवत्ता के सम्बन्ध में प्राप्त शिकायतों पर प्रभावी कदम नहीं उठाने पर पीएमजीएसवाई सिंचाई खंड अल्मोड़ा के अधीक्षक अभियंता विनोद कुमार, प्रभारी अधिशासी अभियंता ज्ञानेश चंद्र उपाध्याय, सहायक अभियंता केएन सती को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। एम.आर.एल 18 कसियालेख बुदिबाना सूपी’’ मोटर मार्ग गुणवत्ता के सम्बन्ध में प्राप्त शिकायतों पर प्रभावी कदम नहीं उठाने पर पीएमजीएसवाई लोनिवि खण्ड, काठगोदाम की अधिशासी अभियंता मीना भट्ट, सहायक अभियंता संजय तिवारी को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। दो दिवस संतोषजनक स्पष्टीकरण न देने पर कार्रवाई होगी।





