चंपावत जिले के चल्थी स्थित क्रिकेट ग्राउंड में अब खिलाड़ियों को चेंजिंग रूम और शौचालय की सुविधा मिल सकेगी। खनन न्यास फाउंडेशन मद से 9.45 लाख रुपये की लागत से तैयार सार्वजनिक शौचालय का डीएम नवनीत पांडे ने लोकार्पण किया। इस दौरान खेले गए सद्भावना क्रिकेट मैच में क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड (सीएयू) की टीम ने चंपावत प्रशासन एकादश की टीम को आठ विकेट से हराया। सीएयू की टीम ने नौ महिलाएं और दो पुरुष खिलाड़ी शामिल रहे। प्रशासन एकादश में प्रशासनिक अधिकारी और मीडिया के साथी शामिल रहे।
प्रशासन एकादश की अच्छी शुरुआत
प्रशासनिक एकादश के कप्तान डीएम नवनीत पांडे ने टास जीतकर पहले बल्लेबाजी का निर्णय लिया। गणेश पांडे और पंकज पाठक ने सधी हुई शुरूआत दी। 11 बॉल में 23 रन बनाने के बाद गणेश पांडे रन आउट हो गए। फिर खेलने आए निर्मल दो रन बनाकर चलता बने। दो विकेट खोने के बाद मैदान में आए राहुल महर ने पारी को आगे बढ़ाया। एक छोर संभाले पंकज पाठक 24 बॉल में 25 रन बनाकर खेल रहे थे तभी उन्हें रिटायर्ड करते हुए धीरज कार्की को मौका दिया गया। 10 बॉल में एक रन बनाने के बाद धीराज तीसरे विकेट के रूप में आउट हुए।
राहुल ने संभाला मध्यम क्रम
भारत जोशी ने नौ बॉल में 10 रन बनाए। तेज खेलने के चक्कर में राहुल महर 21 बॉल में 31 रन बनाने के बाद आउट हो गए। यशवंत खड़ायत और चंदन बिष्ट बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए। अंतिम के ओवर में डीएम नवनीत पांडे और गिरीश बिष्ट ने 32 रन जोड़कर स्कोर को 151 तक पहुंचा दिया। गिरीश ने 14 बॉल में 17 और नवनीत पांडे ने आठ बॉल में 15 रन बनाए।
सीएयू के ओपनर की शतकीय साझेदारी
मैच में सीएयू की बेहतरीन शुरुआत रही। रणजी खिलाड़ी रही मुस्कान और अंडर-16 में उत्तराखंड टीम के कप्तान रहे यश ने विरोधी टीम को विकेट के लिए तरसा दिया। दोनों सलामी बल्लेबाज के बीच शतकीय साझेदारी हुई। धीरज कार्की की गेंद पर 52 रन बना चुकी मुस्कान पहले विकेट के रूप में राहुल महर के हाथ कैच आउट हुई। अगले ओवर में गिरीश बिष्ट की बॉल पर गणेश पांडे ने 74 रन बना चुके यश को स्टंप किया। दोनों सलामी बल्लेबाज को आउट करने तक प्रशासन एकादश के हाथ से मैच जा चुका था। सीएयू ने 15वें ओवर में दो विकेट खोकर ही 151 का लक्ष्य प्राप्त कर लिया। यश मैन ऑफ द मैच चुने गए।
खराब क्षेत्ररक्षण और गेंदबाजी रही कमजोरी
प्रशासन एकादश के लिए खराब फील्डिंग और लचर गेंदबाजी हार का कारण बनी। शुरुआती छह ओवर में सीएयू की टीम 68 रन बना चुकी थी। हाथ में आए दो कैच छूटे। दो तीन प्रमुख गेंदबाज के टीम में नहीं होने की कमी खली।
नशा मुक्ति और खेलों में भागीदारी की सीख
मैच के माध्यम से नशा मुक्ति और खेलों में भागीदारी बढ़ाने का संदेश दिया गया। डीएम नवनीत पांडे ने कहा कि खेल केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का माध्यम है। पुलिस ने ड्रग्स मुक्त उत्तराखंड का संदेश दिया।





