वर्षा और हिमपात के लिए इस बार लंबा इंतजार करना पड़ा हो, लेकिन अगले दो दिन मौसम में बदलाव की संभावना बन रही है। एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालय में पहुंच गया है। इससे उत्तराखंड में कुछ जगह छिटपुट से लेकर मध्यम वर्षा हो सकती है। मौसम विभाग ने 2500 मीटर से ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होने का पूर्वानुमान जारी है। शनिवार शाम चंपावत, पिथौरागढ़ जिलों में आंशिक बादल छा गए।
मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से आठ व नौ दिसंबर को उत्तराखंड में मौसम बदला रहेगा। बागेश्वर, पिथौरागढ़, चमोली, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी में कुछ जगह हल्की से मध्यम व अन्य जिलों में बहुत हल्की से हल्की वर्षा होने की संभावना है। बागेश्वर, पिथौरागढ़, चमोली, उत्तरकाशी जिलों में ढाई हजार मीटर से ऊंचाई वाली चोटियों पर कहीं कहीं हिमपात हो सकता है। मैदानी जिलों में हल्के से मध्यम कोहरा छाया रहेगा। कुमाऊं के चंपावत, नैनीताल, ऊधम सिंह नगर, हरिद्वार व गढ़वाल में टिहरी, देहरादून, पौड़ी जिलों में कहीं कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। मौसम में बदलाव के बाद हवा बदलने से ठंड में वृद्धि होगी।





