देश के लिए बलिदानी होने वाले शिरोमणी चिल्कोटी के नाम पर बनी चंपावत-गौड़ी-किमतोली मोटर मार्ग के सुधारीकरण कार्य का शुभारंभ हो गया। विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी व भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भूमि पूजन किया। लोनिवि के अधीन आने वाले 12.15 किमी लंबे मोटर मार्ग का 9.58 करोड़ की लागत से सुधारीकरण होगा। चंपावत व लोहाघाट को जोड़ने के साथ ही भक्टा, गौड़ी, बसान, चिल्कोट, किमतोली आदि गांव के ग्रामीण सड़क से लाभान्वित होंगे।
सैनिक शिरोमणी चिल्कोटी को 1965 भारत-पाक युद्ध के दौरान प्लाटून व ब्रिगेड हेडक्वार्टर के बीच युद्ध के हालात का आदान-प्रदान के लिए उनके अनुभव के आधार पर उन्हें संचार सेवा के लिए नियुक्त किया गया था। सात सितंबर 1965 की शाम पाकिस्तानी सेना की ओर से भारी मात्रा में तोपखाने, मोर्टार और टैंकों से फायर शुरू कर दिया था। संचार व्यवस्था बाधित हो जाने के बाद भी स्थिति की गंभीरता को समझते हुए चिल्कोटी ने अपने अधीनस्थ सभी प्लाटूनों को सचेत करते हुए लड़ाई के लिए तैयार करवाया। दुश्मन के तोपखाने का एक गोला शरीर पर गिरने से वह मातृभूमि के लिए बलिदान हो गए थे। मंगलवार को हुए भूमि पूजन समारोह में विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी ने कहा कि सड़क बनने से चार हजार आबादी के लिए आवागमन सुगम होगा। पर्यटन को भी गति मिलेगी। भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत ने कहा कि पुष्कर धामी सरकार चंपावत के सर्वांगीण विकास के लिए कार्य कर रही है। यहां सीएम कैंप कार्यालय के नोडल केएस बृजवाल, श्याम नारायण पांडेय, विकास साह, मुकेश महराना, सभासद प्रेमा चिल्कोटी, रोहित बिष्ट, सूरज प्रहरी, सुनील पुनेठा, हरीश सक्टा, हरीश पांडेय, सरिता बोहरा, मनमोहन बोहरा, जगदीश अधिकारी, कैलाश अधिकारी, गोविंद प्रसाद, अंबादत्त फुलारा, प्रकाश पांडेय, आनंद सिंह, रेखा देवी, विनीता फर्त्याल, प्रकाश नेगी, पूरन सिंह, योगेश सिंह आदि मौजूद रहे।





