अल्मोड़ा जिले के मार्चुला में हुई बस दुर्घटना ने सभी को झकझोर कर रख दिया। घटना के बारे में जिसने सुना। हादसे की फाेटो देखी वह सहम गया। प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी घटना से आहत है। मंगलवार को सीएम पुष्कर धामी ने एक्स पर भावुक व अपील करते हुए पोस्ट किया है। लिखा है, कल अल्मोड़ा के मार्चुला में हुए बस हादसे से हम सभी के हृदय को गहरा आघात पहुंचा है। इस कठिन समय में हमारी सरकार ने दुर्घटना में अपने माता-पिता को खोने वाली शिवानी बिटिया की देखभाल और शिक्षा की जिम्मेदारी उठाने का संकल्प लिया है, ताकि वह जीवन में आगे बढ़कर स्वयं और माता-पिता के सपनों को साकार कर सके।
सीएम धामी आगे लिखते हैं इस दु:खद घटना में जिन्होंने अपने परिजनों को खोया है। उनके प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। मुख्य सेवक और परिवार के सदस्य के रूप में, मैं इस पीड़ा को समझता हूं। हमारा कर्तव्य है कि ऐसे विपरीत समय में एकजुट होकर प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता प्रदान करें और उनके जीवन को पुनः स्थिरता देने में अपना योगदान दें।
ऋषिकेश एम्स में भर्ती है मासूम शिवानी
हादसे में शिवानी ने माता-पिता को खो दिया। वह स्वयं भी गंभीर है। जिसे बेहतर उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश भर्ती कराया गया है। मासूम बिलख रही और बार-बार मां को पुकार रही है। बच्ची की देखरेख के लिए उसके नाना हरिकृष्ण नेगी व नानी सुशीला देवी साथ हैं। बेटी व दामाद को खोने का गम दबा कर किसी तरह पोती को संभालने में लगे हुए हैं। शिवानी के पिता मनोज रावत रामनगर में उद्यान विभाग में फल संरक्षण में ट्रेनिंग सुपरवाइजर पद पर कार्यरत थे। मां चारू गृहिणी थीं। दिवाली मनाने के लिए परिवार गांव गया था। हादसे की वजह से परिवार व अनगिनत सपने बिखर गए।





