अंजलि के अंतिम संस्कार पर रो पड़ीं सहेली, चाचा ने दी लाडली को मुखाग्नि

धर्म/समाज/संस्था

बाल दिवस पर भ्रमण पर गई हल्द्वानी की छात्रा की मौत मामले में रहस्य बरकरार है। शुक्रवार को मृतका का पोस्टमार्टम हुआ। गमगीन माहौल में रानीबाग चित्रशिला घाट में अंजलि का अंतिम संस्कार कर दिया गया। मौत की वजह के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। शुरुआती तौर पर कहा जा रहा है कि अंजलि की मौत पानी में डूबने की वजह से नहीं हुई। उनकी नाक से झाग आया था। फिर अंजलि की मौत की वजह क्या थी? स्कूल प्रबंधन ने उसके शव घर लाने के लिए जल्दबाजी क्यों दिखाई? शुरुआती तौर पर इस बात को परिवार वालों से क्यों छुपाया? सभी सवालों का जवाब हर कोई जानना चाहता है।

स्कूल प्रबंधन पर मुकदमा

हंसमुख और होनहार बेटी को खो चुके नायब सूबेदार राजेंद्र सिंह रावत केवीएम स्कूल प्रबंधन के विरुद्ध कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पिता की तहरीर पर पुलिस ने स्कूल प्रबंधन के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस इस मामले में जांच कर रही है। हल्द्वानी से शुरू हुई जांच बरेली तक पहुंचेगी। क्योंकि अंजलि की मौत बरेली फन सिटी में हुई बताई जाती है, जहां स्कूल का टूर घूमने गया था।

मेरी नहीं सुनी गई: पिता

भगवानपुर स्थित नैनी व्यू कालोनी निवासी नायाब सूबेदार राजेंद्र सिंह रावत की कक्षा 12 में पढ़ने वाली बेटी अंजलि रावत (17) केवीएम स्कूल के टूर में शामिल होकर बरेली गई थी। दोपहर सवा 12 बजे स्कूल की एक शिक्षिका ने मां सरिता को फोन कर बताया कि अंजलि के बेहोश होने की वजह से वह उसे फनसिटी से नजदीकी अस्पताल लेकर जा रहे हैं। इसके बाद शाहजहांपुर में तैनात राजेंद्र को भी फोन पहुंचा। जिस पर उन्होंने स्कूल स्टाफ से बरेली रुके रहने को कहा। पिता का आरोप है कि स्कूल स्टाफ ने इस बात की अनदेखी कर शव घर पहुंचा दिया।

Tagged

1 thought on “अंजलि के अंतिम संस्कार पर रो पड़ीं सहेली, चाचा ने दी लाडली को मुखाग्नि

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *