गजराज को मेयर निर्वाचित करने का मामला पहुंचा कोर्ट, RO और प्रत्याशियों को नोटिस

न्यायालय राजनीति

कुमाऊं के सबसे बड़े हल्द्वानी नगर निगम में भाजपा प्रत्याशी गजराज बिष्ट को विजयी निर्वाचित करने के निर्णय को जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा चुनाव ट्रिब्युनल सुबीर कुमार की न्यायालय में चुनौती दी गई है। न्यायालय ने याचिका को स्वीकार करते हुए रिटर्निंग ऑफिसर, शहरी विकास समेत संबंधित प्रत्याशियों को नोटिस जारी किए हैं। सुनवाई के लिए अगली तारीख 18 फरवरी तय की है।
कांग्रेस प्रत्याशी ललित जोशी की ओर से निर्वाचन को चुनौती देती याचिका में कहा है चुनाव में भाजपा प्रत्याशी को 71,962 मत मिले जबकि उन्हें 68,068 मत मिले हैं। चुनाव में 6769 मत निरस्त हुए हैं, जो जीत के अंतर से कहीं ज्यादा हैं।मतदान फार्म-19 में दर्ज मतों की संख्या और मतपेटियों से प्राप्त मतों की संख्या में भी काफी अंतर है। आनंदा अकादमी डहरिया मुखानी के दो बूथ, महर्षि विद्या मंदिर के दो बूथ और एक अन्य का हवाला देते हुए इस अंतर की शिकायत की है।
याचिकाकर्ता ने कहा है कि बड़े पैमाने पर मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से गायब थे। कई मामलों में गलत नाम दर्शाकर लोगों को मतदान से रोका गया। साथ ही मतदाता सूची में 25 फीसदी की गड़बड़ी है। याची के अधिवक्ता के अनुसार चुनाव ट्रिब्युनल ने याचिका स्वीकार कर रिटर्निंग ऑफिसर, शहरी विकास समेत संबंधित प्रत्याशियों को नोटिस जारी किए गए हैं। अगली तिथि से पहले सभी को अपना पक्ष रखना होगा।

Tagged

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *