हर कोई नैनीताल आना चाहता है। ऐसे में यहां वाहनों की रेलमपेल रहती है। शनिवार को परिवहन विभाग ने टैक्सी बाइकों के विरुद्ध अभियान चलाकर कार्रवाई की। सात टैक्सी बाइक सीज कर दी गई। परिवहन कर अधिकारी नंदकिशोर के नेतृत्व में मल्लीताल क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया गया। प्रतिबंध के बावजूद नगर क्षेत्र में फर्राटा भर रही टैक्सी बाइकों को सीज करने की कार्रवाई शुरू कर दी। कार्रवाई से टैक्सी बाइक संचालक गुस्सा हो गए। कार्रवाई का विरोध करते हुए कोतवाली के सामने प्रदर्शन कर विरोध जताया। कोतवाली का घेराव करने की भी खबरें आ रही हैं।
आयुक्त से मिलेंगे टैक्सी बाइक संचालक
टैक्सी व्यापारियों ने कहा कि टैक्सी बाइकों के संचालक को लेकर बनी नीति के संबंध में सोमवार को कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत से मुलाकात की जाएगी। तब तक बाइकों को सीज करने या जुर्माने की कार्रवाई न करने की बात कही। हालांकि सात वाहन सीज करने के बाद परिवहन विभाग ने आगे कार्रवाई नहीं की। परिवहन कर अधिकारी नंदकिशोर ने बताया कि जिला प्रशासन के निर्देश पर 2017 के बाद पंजीकृत टैक्सी बाइकों का संचालन प्रतिबंधित किया जाना है।





