चमोली जिले के माणा के पास हिमस्खलन से प्रभावित 23 और श्रमिकों को सेना के जोशीमठ स्थित अस्पताल लाया गया है। 27 श्रमिकों को शनिवार को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। शनिवार की शाम तक 50 का रेस्क्यू किया गया था। देर रात चार श्रमिकों की मौत की पुष्टि हुई थी। इनमें हिमाचल के जितेंद्र सिंह, मोहिंद्र पाल, उत्तर प्रदेश के मंजीत यादव और उत्तराखंड के आलोक यादव शामिल हैं।चार लापता श्रमिक हिमाचल के हरमेश चंद्र, उत्तर प्रदेश के अशोक और उत्तराखंड के अनिल कुमार व अरविंद की तलाश के लिए सेना, आइटीबीपी, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें अभियान चलाए हुए हैं।गंभीर रूप से घायल एक श्रमिक को इलाज के लिए एम्स ऋषिकेश भेजा गया है। डीएम चमोली संदीप तिवारी ने बताया कि रेस्क्यू में सेना के सात और एक निजी हेलीकाप्टर की मदद ली गई। लापता श्रमिकों की तलाश के लिए एनडीआरएफ की टीम थर्मल इमेजिंग कैमरा, विक्टिम लोकेटिंग कैमरा और स्निफर डाग की मदद भी ले रही है।





