राष्ट्रीय खेलों की वेटलिफ्टिंग प्रतियोगिता में मेजबान उत्तराखंड का पदकों की तालिका में खाता खुल गया है। टनकपुर निवासी विवेक पांडे ने कांस्य पदक जीतकर उत्तराखंड का खाता खोला। हालांकि विवेक से स्वर्ण या रजत की उम्मीद थी, लंकिन अंत में उन्हें कांस्य से संतोष करना पड़ा।
टनकपुर के कार्की फार्म निवासी विवेक पांडे ने 109 किग्रा भार वर्ग में स्नैच और क्लीन एंड जर्क केटेगरी में कुल 280 किग्रा वजन उठाया। सर्विसेज के लवप्रीत सिंह ने 367 किग्रा वजन उठाकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। तमिलनाडु के एस. रूद्रमयान ने 355 किग्रा वजन उठाकर रजत पदक जीता। विवेक के पिता प्रकाश पांडे मां पूर्णागिरि धाम के पुजारी हैं, जबकि माता गीता पांडे गृहिणी हैं। विवेक एमए के छात्र हैं। वह हाईस्कूल से नियमित रूप से जिम करते हैं। खुद की फिटनेस का पूरा ध्यान रखते हैं। काशीपुर स्टेडियम में अभ्यास कर खुद को निखारा। पूर्णागिरि मंदिर समिति अध्यक्ष किशन तिवारी, पूर्व अध्यक्ष भुवन पांडे, निवर्तमान बीडीसी सदस्य रवि पांडे, पालिकाध्यक्ष विपिन कुमार, हर्षवर्धन रावत, रोहतास अग्रवाल, हरीश भट्ट, जगदीश तिवारी आदि ने विवेक की सफलता पर खुशी जताई है।





