एसएसबी ने अंतरराष्ट्रीय सीमा पर नेपाली युवक को चरस की खेप के साथ पकड़ा है। युवक चरस को मोटी कीमत पर भारत के बनबसा व टनकपुर क्षेत्र में खपाने की फिराक में था। पुलिस ने आरोपित के विरुद्ध प्राथमिकी करते हुए जांच शुरू कर दी है।
सितारगंज मुख्यालय वाली एसएसबी 57वीं वाहिनी की बनबसा सीमा चौकी पर नेपाल से आने-जाने वालों पर नजर रखती है। कमांडेंट मनोहर लाल ने निर्देश पर बुधवार सुबह नेपाल से भारत आ रहे युवक के बैग से 1.924 किलो चरस बरामद हुई। आरोपित की पहचान 30 वर्षीय सुबास बोहरा, निवासी ग्राम खोरी, जिला बाजांग, नेपाल के रूप में हुई। पूछताछ में आरोपित ने नेपाल से चरस लाकर भारत में बेचने की बात कही। एसएसबी ने पकड़ी गई चरस व आरोपित को बनबसा पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट में प्राथमिकी पंजीकृत कर ली है। एसएसबी टीम में एएसआइ मार्कंडेय यादव, आरक्षी कृष्ण कुमार, ओंकार कुमार, पुष्पलता आदि शामिल रहे।





