पति की नशे की लत और मारपीट से परेशान महिला ने प्रेमी के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी। उसने शराब में नशीली दवा मिलाकर पति को पिलाई। बाद में हाथ-पैर बांधकर दसकी हत्या कर दी। पुलिस ने हत्या करने वाली दूसरी पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार किया है। हत्या में प्रयुक्त तीन दुपट्टे, गला घोंटने में प्रयुक्त एक तोलिया, नींद की गोली, मोबाइल, बाइक आदि बरामद कर ली।
ऊधम सिंह नगर एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने बताया कि 31 अक्टूबर को 112 पर सूचना मिली कि मूलरूप से ग्राम कमरुद्दीन नगर धमौरा थाना शहजादनगर रामपुर व हाल राख कालोनी बाबरखेड़ा कुंडा निवासी नन्नू मल अपने कमरे में मृत मिला है। जांच में मृतक के शरीर पर चोट के निशान नहीं मिले। उसके नाक से खून निकल रहा था। पूछताछ में मृतक के बेटे वेदपाल ने बताया कि वह अपनी दूसरी पत्नी सविता के साथ रहते थे। सविता से बताया कि पति नन्नू मल ने रात में शराब पी। जिसके बाद दोनों सो गए। सुबह उसने पति को जगाया वह नहीं उठे।
इस तरह हत्या को दिया अंजाम
पुलिस ने मृतक के पुत्र वेदपाल की तहरीर पर सौतेली मां सविता और आतिफ के विरुद्ध हत्या की धारा में मुकदमा किया। पुलिन ने दोनों को गिरफ्तार कर पूछताछ की। दोनों दो साल से एक-दूसरे को जानते है। नन्नू मल अपनी दूसरी पत्नी सविता को शराब के नशे में पीटता था। सविता व आतिफ ने मिलकर नन्नू मल की हत्या की योजना बनाई। शराब में नींद की गोली मिलाई। बेहोश होने पर हाथ-पांव बांधकर गला घोंट दिया।





