कुछ दिन पहले अल्मोड़ा जिले में हुए भीषण हादसे में 38 लोगों की मौत हो गई थी। जिसमें ओवरलोडिंग प्रमुख लापरवाही के रूप में सामने आई थी। ओवरलोडिंग और नशे में वाहन चलाने का ताजा मामला चंपावत जिले में सामने आया है।
पुलिस की जांच में पाया गया कि 31 सीटर बस में 45 यात्री सवार थे। ऊपर से वाहन चालक शराब पिए हुए था। नशेड़ी चालक के सहारे हल्द्वानी से चली ओवरलोड बस करीब 180 किमी से अधिक दूरी तय कर खेतीखान तक पहुंच गई। लोहाघाट आ रही है बस केमू की बताई जा रही है। नशेड़ी बस चालक के जिम्मे 45 यात्रियों की जिंदगी वाली लापरवाही को लोहाघाट पुलिस ने जांच में पकड़ा है। लोहाघाट थानाध्यक्ष अशोक कुमार ने बताया कि हल्द्वानी से देवीधुरा के रास्ते लोहाघाट आ रही बस की खेतीखान रोड में चेकिंग की गई। बस को सीज कर दिया गया है। चालक बृजमोहन निवासी भीड़ापानी मुक्तेश्वर नैनीताल का ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त करने की संस्तुति की जा रही है।





