हैरान करने वाला मामला सामने आया है। रुद्रपुर ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में बाइक सवार युवक की चाकू गोदकर हत्या कर दी गई। बाइक पर पीछे बैठे युवक पर हत्या करने का अंदेशा है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई है। इसके लिए आसपास लगे सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं।
पुलिस के अनुसार मूलरूप से बफरी बुजुर्ग बरेली यूपी निवासी 22 वर्षीय अंकित पुरी पुत्र नरेश पुरी सिडकुल की एक कंपनी में काम करता था। वह फुलसुंगा वार्ड नंबर एक पर किराए के मकान में रहता था। अंकित की नाइट शिफ्ट थी। सोमवार शाम सिडकुल रोड वन शक्ति मंदिर के पास अंकित खून से लथपथ पड़ा हुआ था। आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। थानाध्यक्ष मोहन पांडे पुलिस कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक पर पीछे बैठे युवक ने उस पर चाकू से वार किया है। बाद में पुलिस ने अंकित को जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटनास्थल पर एक बैग और बाइक मिली है। अंदेशा है कि अंकित की हत्या प्रेम प्रसंग में उसी युवक ने की है। पुलिस उसकी तलाश में जुट गई है। एसएसपी मणिकांत मिश्रा का कहना है कि हत्यारे को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।






