जंगल गए युवक पर भरी दोपहरी तेंदुए का हमला, साथी लेकर पहुंचे अस्पताल

अपराध/दुर्घटना

लकड़ी बीनने के लिए जंगल गए युवक पर तेंदुए ने हमला कर दिया। युवक ने किसी तरह अपनी जान बचाई। मामला चंपावत जिले के लोहाघाट क्षेत्र के राइकोट बुंगा गांव का है।
बुधवार अपरान्ह तीन बजे आठ युवक राइकोट बुंगा के पास कालापानी के जंगलों में लकड़ी बीनने गए थे। इसी दौरान तेंदुए ने 34 वर्षीय विजय सिंह पुत्र प्रहलाद सिंह, निवासी राइकोट बुंगा पर हमला कर दिया। हमले में उनके हाथ, पांव सहित शरीर के कई हिस्से बुरी तरह लहूलुहान हो गए। साथी युवकों के शोर मचाने पर तेंदुआ जंगल की ओर भाग गया। जख्मी युवक को लोहाघाट उप जिला अस्पताल ले जाया गया।शरीर पर कई जगह गहरे घाव होने से उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

डीएफओ ने अस्पताल पहुंचकर जाना हल
डीएफओ नवीन चंद्र पंत और एसडीओ नेहा सौन ने विभागीय अधिकारियों के साथ जिला अस्पताल पहुंचकर घायल युवक का हाल जाना। चिकित्सकों से बातचीत करने के बाद वन अधिकारियों ने बताया कि युवक की हालत खतरे से बाहर है। ग्रामीण गिरीश कुंवर, रमेश कुंवर, विजय कुंवर, प्रदीप कुंवर आदि का कहना है कि तीन महीने पहले तेंदुए ने तीन साल के बच्चे पर भी हमला किया था। घटना से राइकोट, पाटन, सुंई और आसपास के क्षेत्रों में फिर से दहशत पैदा हो गई है।

Tagged

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *