हरियाणा का रोहतक निवासी 22 वर्षीय युवक को चंपावत में 11.200 किलो चरस के साथ पकड़ा गया है। अभियुक्त मोटरसाइकिल पर सवार था। कार समेत तीन अभियुक्त फरार हैं। पुलिस इसे जिले की अब तक की सबसे बड़ी खेप बता रही है। इसके लिए पुलिस टीम को पांच हजार रुपये इनाम दिया गया है।
चेकिंग के दौरान भाग गया दूसरा युवक
गुरुवार को एसपी अजय गणपति ने प्रेसवार्ता में बताया कि रीठा साहिब थानाध्यक्ष कमलेश भट्ट के नेतृत्व में बुधवार को पुलिस ने बुड़म के पास बाइक संख्या यूके 04टीबी 4226 को चेकिंग के लिए रोका। अभियुक्त साहिल नेहरा पुत्र शमशेर सिंह, निवासी मकान संख्या-624 निंदाना, थाना महम, जिला रोहतक के पास से 11.200 किलो चरस मिली। इसी बीच बाइक सवार दूसरा अभियुक्त फरार हो गया। वह युवक स्थानीय था और अभियुक्तों को टनकपुर तक छोड़ने जा रहा था।
एचआर नंबर की कार से आए थे अभियुक्त
साहिल ने पुलिस को बताया कि उसके दो साथी कार संख्या एचआर 46जी 8997 से आगे-आगे रैकी कर रहे थे। एसपी ने बताया कार सवार दो युवकों समेत बाइक सवार तीसरे व्यक्ति की तलाश जारी है। अभियुक्त के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस टीम में एसआई तेज कुमार, आरक्षी हरीश नाथ, राजेंद्र प्रसाद, वीर सिंह, मनोज कुमार शामिल रहे।
पहले भी हरियाणा पहुंचा चुके चरस की खेप
एसपी अजय गणपति ने बताया कि तीन अभियुक्त रोहतक से आए थे। तीनों ने देवीधुरा निवासी भानू उपनाम के युवक से चरस खरीदी। भानू आसपास से चरस खरीदकर सप्लाई करता था। पूर्व में भी उससे चरस खरीद हरियाणा पहुंचा चुके हैं। फरार एक अभियुक्त के विरुद्ध रोहतक के सुनरिया थाने में एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज है। वह तीन वर्ष जेल में रह चुका है।





