केंद्रीय सड़क परिवहन राज्य मंत्री अजय टम्टा ने कहा कि निकाय चुनाव में भाजपा के प्रत्याशी जीत का परचम लहराएंगे। पीएम नरेन्द्र मोदी व प्रदेश की पुष्कर धामी सरकार की योजनाओं से प्रभावित जनता भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में वोट करेंगे। केंद्रीय राज्य मंत्री टम्टा मंगलवार को बाराकोट ब्लाक के इंद्रपुरी इजड़ा में भाजपा जिलाध्यक्ष निर्मल माहरा के पिता पूर्व दर्जा राज्यमंत्री स्व. हयात सिंह माहरा के वार्षिक श्राद्ध भोज में शामिल हुए।
बाद में लोहाघाट पहुंचकर पालिकाध्यक्ष के भाजपा प्रत्याशी गोविंद वर्मा के पक्ष बाराकोट टैक्सी स्टैंड, पिथौरागढ़ रोड, स्टेशन बाजार, कालू मेहरा चौक से खड़ी बाजार होते हुए मीना बाजार तक रोड शो में हिस्सा लिया। व्यापारियों से मिलते हुए गोविंद वर्मा के पक्ष में वोट करने की अपील की। टम्टा ने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाएं जनता तक पहुंच रही हैं। सरकारों ने ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं। निकायों में भाजपा प्रत्याशी जीतेंगे। यहां भाजपा जिला उपाध्यक्ष मोहित पाठक, मंडल अध्यक्ष सचिन जोशी, सतीश पांडेय, राजू गड़कोटी, दीपक ओली, योगेश मेहता, सतीश खर्कवाल, दीपक जोशी, मोहन पाटनी, गिरीश कुंवर, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष लता वर्मा, रेनू गड़कोटी, दीपक सुतेड़ी, जीवन गहतोड़ी आदि मौजूद रहे।





