81 लाख की धोखाधड़ी में पैक्स सचिव पर FIR, सभी समितियों की होगी जांच

धर्म/समाज/संस्था

साधन सहकारी समिति (पैक्स) दुबड़ में 81 लाख रुपये के गबन के मामले में सचिव पर प्राथमिकी हुई है। सहकारिता विभाग के सहायक विकास अधिकारी की तहरीर पर पाटी थाना पुलिस ने आरोपित के विरुद्ध बेईमानी, जालसाजी और धोखाधड़ी की धाराओं में प्राथमिकी की है।
आरोपित समिति सचिव जय राम पर वर्ष 2010 से 2024 के बीच दस्तावेजों में कूटरचना, फर्जी दस्तावेज तैयार कर समिति के धन का गबन करने का आरोप है। आरोपित वर्तमान में निलंबित है। समिति का खाता असंतुलित होने (बैंक से लिए ऋण और जमा व किसानों पर शेष राशि में अंतर) से पिछले वर्ष मार्च में प्रकरण सामने आया। विभागीय स्तर की शुरुआती जांच में गड़बड़ी सही मिलने पर जय राम को निलंबित कर दिया गया था। अंतिम जांच आख्या नहीं आ रही थी। किसान आंदोलन पर बैठे तो डीएम नवनीत पांडे ने टीम गठित कर जनसुनवाई करते हुए मामले में अंतिम रिपोर्ट मांगी तहसीलदार की अध्यक्षता वाली टीम ने 81.08 लाख रुपये के गबन की पुष्टि की। डीएम के आदेश पर विभागीय स्तर से बुधवार रात प्राथमिकी कराई गई। सचिव पर पद का दुरुपयोग करते हुए समिति की निधियों का गबन, फर्जीवाड़ा व घोर लापरवाही का आरोप है। पुलिस ने बीएनएस की धारा 316, 318, 336 व 338 में प्राथमिकी की है। पुलिस आरोपित की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।

सभी समितियों का लेखा परीक्षण होगा
डीएम नवनीत पांडे ने धोखाधड़ी के मामले को गंभीरता से लिया है। सभी सहकारी समितियों में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए नियमित लेखा परीक्षण, निरीक्षण के निर्देश दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *