ट्रैकिंग के लिए जंगल में गए तीन ब्लॉगरों पर जंगली सूअर ने हमला कर दिया। घटना पिथौरागढ़ जिले के बलुवाकोट के नलालेख जंगल की है। सूअर के हमले में अल्मोड़ा निवासी व्लॉगर गंभीर रूप से घायल हुआ है घायल को हेलीकॉप्टर से रेस्क्यू करने के प्रयास सफल नहीं हुए। अब पुलिस, एसएसबी और राजस्व की टीम घटनास्थल के लिए गई है।
व्लॉगर रिचर्ड आरसीन अपने दो साथियों बलुवाकोट निवासी पवन सिंह धामी और पवन बोरा के साथ नलालेख के जंगल में ट्रैकिंग पर गए। मंगलवार को लौटते समय जंगली सूअर ने तीनों पर हमला कर दिया। स्थानीय व्लॉगर तो सुरक्षित बच गए लेकिन रिचर्ड हमले में गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों साथियों ने घटना की सूचना प्रशासन को देकर घायल को हेलीकॉप्टर से रेस्क्यू करने का अनुरोध किया।

हेलीकॉप्टर उतारने की नहीं मिली जगह
प्रशासन ने हेलीकॉप्टर भेजा भी लेकिन उसकी लैंडिंग की जगह नहीं मिलने से घायल को रेस्क्यू करना संभव नहीं हुआ। प्रशासनिक अधिकारियों के मुताबिक रेस्क्यू टीम को पैदल ही घायल तक पहुंचना होगा। धारचूला एसडीएम मंजीत सिंह का कहना है कि ब्लॉगर को रेस्क्यू करने के लिए टीम भेजी है। तीनों सुरक्षित हैं। तीनों बगैर सूचना के ट्रेकिंग पर जंगल गए थे।





