पिथौरागढ़ जिले में दो दिन पहले हुए सेल्समैन की हत्या का पर्दाफाश हुआ है। शराब की दुकान में काम करने वाले सेल्समैन को उसी के मकान मालिक और उसके नौकर ने मारा था। दोनों ने युवक के सिर पर लाठी, डंडे मारकर हत्या कर दी थी। पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है।
गंभीर हालत में सड़क किनारे मिला था मृतक
गुरुवार को शराब की दुकान का सेल्समैन 28 वर्षीय नीरज नैनवाल बुंगाछीना में लहूलुहान हालत में सड़क पर मिला था। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस उसे 108 एंबुलेंस से जिला अस्पताल लाई। जहां उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के बड़े भाई गणेश नैनवाल निवासी गोलना करड़िया आवास विकास अल्मोड़ा ने शुक्रवार को थल थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई।
छह घंटे में हत्थे चढ़े आरोपी
रिपोर्ट दर्ज होने के छह घंटे के भीतर पुलिस ने नामजद आरोपित विक्रम सिंह बिष्ट उर्फ बबलू बिष्ट निवासी बुंगाछीना और राजेश गैड़ा उर्फ रक्कू निवासी धुरौली को थल-पिथौरागढ़ मार्ग पर बुंगाछीना के पुखरौला क्षेत्र के यात्री शेड के पास रात्रि नौ बजे गिरफ्तार कर लिया। हत्या में प्रयुक्त लाठी और मृतक का मोबाइल भी बरामद कर लिया है। पुलिस के अनुसार हत्यारोपित विक्रम सिंह बिष्ट बुंगाछीना में होटल चलाता है जिसमें राजेश गैड़ा नौकरी करता है। मृतक नीरज नैनवाल विक्रम सिंह बिष्ट के मकान में किराये पर रहता था।
मामूली कहासुनी में जान ले ली
मामूली कहासुनी में मालिक और नौकर ने सेल्समैन की हत्या कर दी। मृतक से कमरा छोड़ने को कहा जा रहा था। हत्यारोपितों को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष अंबी राम आर्या, एसआइ दिनेश शर्मा, विनोद भट्ट, हेड कांस्टेबल सुरेश चंद्र, राकेश कुमार और जगदीश मारकूना शामिल रहे। दोनों को न्यायालय के आदेश पर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।





