दो दिन से लापता बुजुर्ग का जंगल में क्षतविक्षत शव मिला है। शुरुआती तौर पर जंगली जानवर के हमले में मौत का अंदेशा है। वह मजदूरी व छोटे काम से गुजर-बसर करती थी। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारण का पता चलेगा।
बनबसा नगर से लगी देवीपुरा ग्राम पंचायत के धनुष पुल क्षेत्र में 70 वर्षीय शकुंतला देवी पत्नी स्व. मानी चंद पिछले तीन-चार वर्षों से रह रही थी। स्थानीय निवासी रामलीला कमेटी के अध्यक्ष सुरेश उप्रेती ने बताया कि शकुंतला देवी के दो पुत्र और एक बेटी है। बच्चे काम-धाम के लिए दूसरी जगह रहते हैं। वृद्धा अकेले रहती थी। दो दिन पूर्व वह लकड़ी लेने जंगल गई थी। थानाध्यक्ष लक्ष्मण सिंह जगवाण ने बताया कि ग्रामीणों की सूचना पर जंगल में तलाश की गई। शुक्रवार को जंगल में झाड़ियों के बीच वृद्धा का शव मिला है। प्रथम दृष्टया जंगली जानवर के हमले से महिला की मौत होना प्रतीत होता है। पंचनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए टनकपुर भेज दिया गया। जंगली जानवर के हमले से क्षेत्र में हदशत का माहौल है। वन बीट अधिकारी संजीव कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी। ग्रामीणों से जंगल की ओर जाने से बचने की अपील की गई है।





