मौसम में बदलाव की उम्मीद है। ताजा पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालय में पहुंचने वाला है। इसके प्रभाव से उत्तराखंड में 23 व 24 दिसंबर को ऊंचाई वालों जिलों में छिटपुट वर्षा व 3000 मीटर से ऊंचाई वाली चोटियों पर कहीं कहीं हिमपात होने की संभावना है। इससे ठंड फिर से बढ़ेगी।
राज्य मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया पश्चिमी विक्षोभ 22 दिसंबर की रात तक उत्तराखंड के उच्च हिमालय की तरफ पहुंच सकता है। इससे 23 व 24 दिसंबर को पिथौरागढ़, बागेश्वर, अल्मोड़ा उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, टिहरी, देहरादून जिलों में अधिकतर जगहों पर बादल छाए रहेंगे। कहीं कहीं बहुत हल्की से हल्की वर्षा व ऊंची चोटियों पर हिमपात होने का अनुमान है।
साल की विदाई से पहले फिर बदलेगा मौसम
27 दिसंबर के आसपास नया पश्चिमी विक्षोभ आएगा और तब बंगाल की खाड़ी के ऊपर चक्रवात बनने की संभावना लग रही है। यह सिस्टम मजबूत रहने पर वर्ष 2024 की विदाई से पहले पर्वतीय क्षेत्रों को अच्छा हिमपात मिल सकता है। इसका सटीक अनुमान 25 दिसंबर के आसपास लगेगा। रविवार को कुमाऊं में अनेक स्थानों पर धूप खिली रही। पिथौरागढ़, बागेश्वर, अल्मोड़ा जिले में सुबह के समय हल्के बादल रहे। रात्रि में पाला पड़ने से न्यूनतम तापमान सामान्य से दो से चार डिग्री नीचे है। रविवार को चंपावत का न्यूनतम तापमान -0.8 डिग्री, अल्मोड़ा -0.2 डिग्री, मुक्तेश्वर का 3.4 डिग्री व पंतनगर 3.8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।





