फैक्ट्री में काम करने वाले युवक ने फंदे से लटककर जान दे दी। इसका पता चलते ही स्वजन में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज दिया है।
मूलरूप से ग्राम पीलावपुर गुमानी ठाकुरद्वारा मुरादाबाद निवासी मनोज कुमार पुत्र राम रतन रुद्रपुर सिडकुल की माइक्रोटरनेस कंपनी में काम करता था। वह ट्रांजिट कैंप निवासी जयंत शाह के मकान में अपने भाई रिंकू के साथ किराए पर रहता था। रविवार रात खाना खाकर मनोज कमरे में सोने चला गया। उसने अंदर से दरवाजा बंद किया। फिर अपने मोबाइल पर गाने चलाकर सो गया। देर रात उसने अज्ञात कारणों के चलते आत्महत्या कर ली।
अविवाहित था युवक
सोमवार सुबह काफी देर तक जब वह नहीं उठा तो उसके भाई रिंकू ने दरवाजा खटखटाया लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इस पर उसने खिड़की से झांका तो वह लटका हुआ मिला। यह देख उसके होश उड़ गए। शोर होने पर आसपास के लोग आए और दरवाजा तोड़ा। थानाध्यक्ष ट्रांजिट कैंप मोहन पांडे, एसआइ विजय कुमार पुलिस कर्मियों के साथ पहुंचे और जानकारी ली। साथ ही शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। मृतक के भाई ने बताया कि वह तीन भाई किराए में रहते है। मनोज की शादी नहीं थी।थानाध्यक्ष ने बताया कि आत्महत्या के कारणों की जांच की जा रही है।





