बटाईदारी कर परिवार चलाने वाले किसान व उसका नाबालिग बेटा शारदा नहर में डूब गए। शुक्रवार सुबह की घटना के 24 घंटे बाद भी दोनों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस व एसडीआरएफ ने पहले दिनभर तलाशी अभियान चलाया लेकिन नहीं मिले।
बनबसा में एनएचपीसी नहर के पास मैदान में सीआइएसएफ के जवान याेग कर रहे थे। तभी किसी बच्चे के सीखने की आवाज सुनाई देने पर जवानों का ध्यान उस ओर गया। बनबसा थाने के एसआइ जितेंद्र बिष्ट ने बताया कि सीआइएसएफ जवानों ने तभी एक व्यक्ति को नहर में कूदते देखा। कुछ ही देर में दोनों नहर के पानी में ओझल हो गए। सूचना पर पुलिस व एसडीआरएफ की टीम ने सर्च अभियान चलाया लेकिन दोनों का पता नहीं चला। सीसीटीवी फुटेज में आसपास बच्चे के साथ एक व्यक्ति की मौजूदगी दिखी है। डूबने वालों की पहचान भजनपुर निवासी 48 वर्षीय दोध राम पुत्र नन्हे लाल व उसके 10 वर्षीय बेटे सुख लाल के रूप में हुई है। परिवार मूलरूप से पीलीभीत का रहने वाला है और वर्षों से भजनपुर में रहकर बटाईदारी में जमीन कमाकर खेती का काम करते हैं। दोध राम की पत्नी की काफी समय पहले मौत हो गई है। परिवार में एक बेटा व एक बेटी और हैं। दोध राम का भाई-भाभी भी भजनपुर में रहकर खेती करते हैं। अनहोनी की आशंका से स्वजन सदमे में हैं।





