उत्तराखंड में मौसम में बदलाव देखने को मिला है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के पश्चिमी हिमालय में पहुंचने के साथ ही बुधवार रात से कई क्षेत्रों में मौसम में बदलाव देखा गया। उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बारिश हुई है। गुरुवार सुबह पिथौरागढ़, बागेश्वर, चंपावत, अल्मोड़ा और नैनीताल जिलों के अनेक हिस्सों में बूंदाबांदी से लेकर हल्की वर्षा रिकार्ड की गई है। मौसम विभाग ने 2800 मीटर से ऊंचाई वाली चोटियों पर हल्की से मध्यम बर्फबारी की संभावना जताई है। जनवरी का यह दूसरा पश्चिमी विक्षोभ है। जिसकी वजह से वर्षा और बर्फबारी देखने को मिली है।
मौसम में बदलाव की वजह से तापमान में इकाई गिरावट आ गई है। खासकर पर्वतीय क्षेत्रों में ठिठुरा देने वाली ठंड पड़ रही है। तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। गुरुवार दिनभर बादल छाने और अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना जताई है। धूप नहीं निकलने से दिन में भी अच्छी खासी ठंड रहने वाली है।





