जानी-मानी म्यूजिक कंपनी टी-सीरीज के संस्थापक रहे गुलशन कुमार के ट्रस्ट से जमीन बेचने के नाम पर 85 लाख रूपये की धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। ट्रस्ट के प्रतिनिधि ने पांच सगे भाइयों पर धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में प्राथमिकी कराई है। हरिद्वार की ज्वालापुर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल के अनुसार गुलशन कुमार चैरिटेबल ट्रस्ट नई दिल्ली के प्रतिनिधि रमेश भट्ट निवासी नोएडा ने तहरीर दी है। कहा है कि उनके ट्रस्ट को हरिद्वार में जमीन की तलाशी थी। इस सिलसिले में मई 2022 में उनकी मुलाकात कुलदीप सिंह, उसके भाई कुलजीत सिंह, निर्मल सिंह, जुजार सिंह, मलागार सिंह निवासीगण ग्राम हरदेवपुर सहदेवपुर उर्फ रानी माजरा पोस्ट शाहपुर शीतला खेडा से हुई थी। गांव में अपनी भूमि दिखाते हुए बेचने की बात कही। 6.19 करोड़ रूपये में सौदा हुआ। 85 लाख की रकम दे दी। जमीन विक्रेताओं ने 30 सितंबर 2022 तक बैनामा कर देने की बात कही। समय नजदीक आने पर बैनामा करने के लिए टाल मटोल करते रहे। बाद में बैनामा करने से ही इनकार कर दिया। अब धनराशि भी नहीं लौटा रहे। आरोप है कि इसी संपत्ति को पूर्व में किसी अन्य को भी बेचा गया है। कोतवाली प्रभारी प्रदीप बिष्ट का कहना है कि मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।





