नेपाल सीमा पर पांच दिन में चरस की दूसरी खेप पकड़ी, एसएसबी को मिली सफलता

अपराध/दुर्घटना

अंतरराष्ट्रीय सीमा पर पांच दिन में चरस तस्करी का दूसरा मामला सामने आया है। सशस्त्र सीमा बल यानी एसएसबी ने नेपाल सीमा पर नेपाली युवक को चरस के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपित चरस को कर्णप्रयाग ले जाकर बेचने की फिराक में था। बनबसा पुलिस ने आरोपित के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट में प्राथमिकी पंजीकृत कर ली है।
एसएसबी 57वीं वाहिनी सितारगंज की बनबसा चाैकी भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा का जिम्मा संभालती है। शनिवार रात एसएसबी टीम ने नियमित जांच के दौरान नेपाल से भारत आ रहे युवक के सामान की चेकिंग की। एक्सरे बैगेज मशीन से जांच में युवक के बैग में संदिग्ध सामग्री होने की पुष्टि होने पर बैग को खोलकर देखा गया। युवक के पास से 376 ग्राम चरस बरामद हुई। युवक की पहचान 35 वर्षीय राजू पुजारा, निवासी ग्राम सुरमा, वार्ड-पांच, जिला बाजांग, नेपाल के रूप में हुई। पूछताछ में आरोपित ने नेपाल से चरस लाकर उत्तराखंड के कर्णप्रयाग क्षेत्र में ले जाने की योजना बताई। एसएसबी के कमांडेंट मनोहर लाल ने मादक पदार्थ पकड़ने वाली टीम के सदस्य एएसआइ गोपी किशन नौटियाल, मुख्य आरक्षी अवनीश कुमार, आरक्षी मुकेश चंद, मनप्रीत कौर की सराहना की। 16 अप्रैल को 30 वर्षीय युवक से 1.924 किलो चरस बरामद हुई थी।

Tagged

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *