लालच बुरी बला है। लालच में आकर एक राजमिस्त्री ने साथ काम करने वाली महिला श्रमिक की हत्या कर शव नदी में फेंक दिया। मारने के बाद महिला के जेवर उतारकर उसे ज्वैलरी कारोबारी को बेच दिया। पुलिस ने आरोपित राजमिस्त्री को गिरफ्तार कर लिया।
रविवार शाम किच्छा क्षेत्र के महाराजपुर में बरौर नदी में महिला का शव मिला था। पुलिस के साथ ही फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंच कर साक्ष्य एकत्र किए थे। 14 अप्रैल को हत्या करने बाद महिला के शव को नदी में फेंका गया था। महिला की शिनाख्त 35 वर्षीय अनीता पत्नी श्यामसुंदर निवासी रामपुर उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। अनीता उत्तराखंड सीमा पर बिलासपुर क्षेत्र में बच्चों के साथ कमरा लेकर रह रही थी। महिला राजमिस्त्री के साथ श्रमिक के रूप में कार्य करती थी। पुलिस ने महिला के पति से संपर्क कर जानकारी ली तो उसके लालपुर निवासी राजमिस्त्री विष्णु पुत्र नारायण दास निवासी निकट वैष्णोद्वार लालपुर किच्छा के साथ काम करने की जानकारी मिली।
पुलिस ने राजमिस्त्री को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में सामने आया कि राजमिस्त्री को अनीता के जेवर देखकर लालच आ गया था। आरोपित राजमिस्त्री रुद्रपुर स्थित श्रमिक अड्डे से अनीता को साथ में काम करने के लिए लाया था। जिस नदी में अनीता का शव मिला, उसके पास ही निर्माणाधीन भवन में वह काम करती थी। आरोपित ने अनीता के जेवर को रुद्रपुर खेड़ा में एक सुनार को 50 हजार रुपये में बेच दिया था। पुलिस आरोपित से अन्य जानकारी जुटा रही है।





