भाजपा ने चंपावत जिले के चारों नगर निकायों के लिए प्रत्याशी घोषित कर दिए हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर धामी की विधानसभा वाले चंपावत नगर पालिका के लिए प्रेमा पांडेय पर दाव लगाया गया है। प्रेमा पांडेय 2008 से 2013 के बीच चंपावत की जिला पंचायत अध्यक्ष रह चुकी हैं। महिला आरक्षित चंपावत पालिकाध्यक्ष सीट के लिए 10 लोगों ने दावेदारी की थी। पार्टी ने राजनीति के लिहाज से पुराने और अनुभवी चेहरे को तरजीह दी है। हालांकि प्रेमा पांडेय को टिकट देने से अंदर खाने कुछ लोगों में असंतोष पनप सकता है। खासकर सीएम पुष्कर धामी के उप चुनाव के समय कांग्रेस छोड़कर भाजपा में आए निवर्तमान पालिकाध्यक विजय वर्मा पर सभी की नजरें रहेंगी। वर्मा क्या निर्णय लेते हैं इस पर उनके समर्थकों की निगाहें होंगी। जमीन से जुड़ीं और भाजपा की कर्मठ कार्यकर्ता गंगा खाती भी पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के निर्णय से असहज होंगी।
गोविंद वर्मा का जनता से जुड़ाव पड़ा भारी
अनारक्षित लोहाघाट नगर पालिका के लिए निवर्तमान पालिकाध्यक्ष गोविंद वर्मा को प्रत्याशी घोषित किया है। लोहाघाट से कई धुरंधर दावेदारी कर रहे थे। पार्टी ने गोविंद वर्मा की सक्रियता और मतदाताओं के बीच पकड़ को आधार बनाते हुए उन्हें टिकट दिया है। वर्मा हर छोटे बड़े मुद्दे को लेकर मुखर रहे हैं।
पार्टी समर्पित हैं विपिन कुमार
अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के लिए आरक्षित टनकपुर नगर पालिका अध्यक्ष के लिए भाजपा ने फिर से विपिन कुमार पर भरोसा जताया है। विपिन कुमार पार्टी के लिए समर्पित बताए जाते हैं। यहां से कई दिग्गज दावेदार थे, लेकिन सीट आरक्षित होने से कई दावेदार किनारे हो गए।
बनबसा में महिला चेहरा किया आगे
अनुसूचित जाति (एससी) के लिए आरक्षित नगर पंचायत बनबसा की सीट से रेखा देवी को प्रत्याशी बनाया गया है। सीट पहली बार आरक्षित है। कई लोग दावेदारी कर रहे थे लेकिन भाजपा ने महिला प्रत्याशी को आगे किया है। जिले के चारों नगर निकायों पर पिछली बार भाजपा का दबदबा था।





