क्रिएटिव उत्तराखंड आयोजित किताब कौतिक की श्रृंखला में अब पंतनगर की बारी है। आठ से 10 नवंबर तक आयोजित होने जा रहे “पंतनगर किताब कौतिक” की तैयारी पूरी हो गई है। आयोजन शांतिपुरी गेट के निकट सैम मोनेकशॉ स्कूल में होगा। संयोजक उमेश भट्ट ने बताया कि 80 हजार किताबों के साथ स्कूली बच्चों और युवाओं की रचनात्मक अभिरुचि बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न विषयों पर कई कार्यशालाएं आयोजित होंगी। छह से 10 नवंबर तक उदय किरौला के निर्देशन में पांच दिवसीय बालप्रहरी लेखन कार्यशाला बिंदुखत्ता में शुरू हो गई है।
आठ नवंबर को प्रसिद्ध रंगकर्मी मोअज्जम अली “ड्रामा इन एजूकेशन” कार्यशाला करेंगे। युवा चित्रकार कुसुम जोशी नौ नवंबर को “विजुअल आर्ट” पर स्कूली बच्चों को प्रशिक्षण देंगी। 10 नवंबर को “क्यू एंड क्यू मेंटर” की टीम शतरंज कार्यशाला करेगी। कृषि, बागवानी, पशुपालन, यात्रा अनुभव, ऑनलाइन रीडिंग आदि विषयों पर चर्चा सत्र रखे गए हैं। सायंकालीन सत्रों में पहले दिन नाट्य मंचन, दूसरे दिन काव्यगोष्ठी और अंतिम दिन सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे।
आयोजन में जुटेंगे कई दिग्गज
क्रिएटिव उत्तराखंड के हेम पंत और दयाल पांडे ने बताया कि राज्य के कई ऐतिहासिक और दूरस्थ कस्बों में 11 सफल आयोजनो के बाद पहली बार इस क्षेत्र में आयोजित हो रहे “किताब कौतिक” में पद्मश्री माधुरी बड़थ्वाल, प्रसिद्ध लेखक देवेन मेवाड़ी, राज्य सूचना आयुक्त योगेश भट्ट, पत्रकार गोविंद पंत “राजू” सहित कई साहित्यकार , प्रकाशक, रंगकर्मी और हजारों साहित्यप्रेमी पहुंच रहे हैं। विभिन्न विषयों की 80 हजार किताबों के अतिरिक्त एरीज के सहयोग से खगोल विज्ञान का स्टॉल आकर्षण का केंद्र होगा। हस्तशिल्प, स्वरोजगार से जुड़े लोगों के स्टॉल और विज्ञान-गणित को रोचक तरीके से समझाने की गतिविधियों का कोना भी होगा।





