38वें राष्ट्रीय खेलों के तहत चंपावत जिले के टनकपुर शारदा नदी में आयोजित राफ्टिंग डेमो में पहले दिन कर्नाटक का दबदबा रहा। कर्नाटक ने चार वर्गों में पहला स्थान प्राप्त किया। एक वर्ग में चंडीगढ़ की टीम पहले स्थान पर रही। मेजबान उत्तराखंड ने महिलाओं की डाउन रिवर रेस में दूसरा स्थान प्राप्त किया।
शनिवार को बूम घाट पर चंपावत के डीएम नवनीत पांडे, एसपी अजय गणपति, मित्र राष्ट्र नेपाल के महेंद्रनगर जिले के सीडीओ नारायण प्रसाद, एसपी चंद्रराज जोशी ने हरी झंडी दिखाकर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। पहले सत्र में काकड़ घाट से बूम तक आयोजित पुरुषों की स्प्रिंट स्पर्धा में कर्नाटक पहले, सर्विस स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड (एसएससीबी) दूसरे, आंध्र प्रदेश तीसरे स्थान पर रहा। महिला वर्ग में चंडीगढ़ पहले, कर्नाटक दूसरे, हिमाचल तीसरे स्थान पर रहे। युगल में कर्नाटक, महाराष्ट्र, हिमाचल ने बाजी मारी। दूसरे सत्र में चरण मंदिर से बूम तक हुई 13 किमी की डाउर रिवर रेस पुरुष वर्ग में कर्नाटक पहले, एसएससीबी दूसरे व आंध्र प्रदेश तीसरे स्थान पर रहा। महिला वर्ग में कर्नाटक, उत्तराखंड, चंडीगढ़ विजयी रही। विजेता टीमों को अतिथियों ने मेडल दिए। निर्णायक इंडियन कयाकिंग एंड कैनोइंग अध्यक्ष प्रशांत कुशवाहा, प्रतियोगिता निदेशक बिल्किस मीर, चीफ फिनिश जज जयंकता सिंह, चेयरपर्सन राफ्टिंग पदम गुलेरिया रहे।





