अल्मोड़ा जिले में गुलदार के हमले की घटना सामने आई है। भैंसियाछाना ब्लाक के सेराघाट क्षेत्र में मंगलवार देर शाम आंगन में खेल रहे छह वर्षीय मासूम पर गुलदार ने हमला कर दिया।हमले में बच्चा घायल हो गया। घटना से गांव में दहशत फैल गई है। ग्रामीणों ने गांव में पिंजरा लगाने की मां उठाई है।
मंगलवार देर शाम तल्ला सेराघाट के उमेर गांव में पुष्कर राम का छह वर्षीय बेटा दीपांशु अन्य बच्चों के साथ आंगन में खेल रहा था। घर के बड़े बुजुर्ग आसपास ही थे। इसी बीच घात लगाए गुलदार ने दीपांशु पर हमला कर दिया। तभी दीपांशु की मां और दादा शोर मचाते हुए गुलदार की तरफ दौड़े। जिससे गुलदार दीपांशु को छोड़कर भाग गया। परिवार वालों ने दीपांशु को अस्पताल पहुंचाया। दीपांशु की हालत खतरे से बाहर है।





