दिल्ली से शव लेकर लमगड़ा के बमनस्वाल गांव लौट रही एंबुलेंस कपकोट के पास अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 150 फीट नीचे गिर गई। हादसे में मृतक के बहनोई की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया।
बमनस्वाल गांव के 54 वर्षीय भुवन चंद उप्रेती का दिल्ली के एक अस्पताल में उपचार चल रहा था। वह बरेली में आबकारी विभाग के अधिकारी थे। गुरुवार शाम उनका अस्पताल में निधन हो गया। उनकी पत्नी गंगा उप्रेती, परिजन रमा तिवारी, बहनोई विनोद कुमार भट्ट और एंबुलेंस के चालक सुनील कुमार शव लेकर गांव आ रहे थे।लमगड़ा थानाध्यक्ष राहुल राठी ने बताया कि दोपहर करीब 12 बजे बारिश की वजह से लमगड़ा के पास सड़क धंस जाने से एंबुलेंस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में विनोद कुमार भट्ट (47), रमा तिवारी और चालक सुनील कुमार घायल हो गए। उन्हें अस्पताल ले जाया गया। देर शाम विनोद कुमार भट्ट निवासी ग्राम जेठिया, नैनीताल और हाल निवासी लाडो सराय दिल्ली की मौत हो गई। चालक समेत दो घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना ने दोनों परिवार में कोहराम मचा है।





