एसएसबी ने नेपाली युवक को 11 लाख रुपये से अधिक की भारतीय मुद्रा के साथ पकड़ा है। खुद को बेंगलुरू में डिलीवरी ब्वाय बताने वाला युवक धनराशि के संबंध में कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर पाया। संदिग्ध प्रतीत होने पर एसएसबी ने धनराशि को जब्त करते हुए कस्टम विभाग को सौंप दिया।
बुधवार को बनबसा के नेपाल सीमा पर एसएसबी ने भारत से नेपाल जा रहे युवक को जांच के लिए रोका। नेपाल के ग्राम झल्लारी, जिला कंचनपुर निवासी 27 वर्षीय प्रेम सौद पुत्र जीत बहादुर सौद के पास 11 लाख 500 रुपये की नगदी मिली। पूछताछ में युवक ने बताया कि वह बेंगलुरू में डिलीवरी ब्वाय का काम करता है। छुट्टी पर अपने गांव नेपाल जा रहा है। युवक से भारतीय मुद्रा से जुड़े कागजात दिखाने को कहा गया, लेकिन वह कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। एसएसबी ने धनराशि कस्टम को सौंप दी। एसएसबी टीम में एसआइ आरती बुनकर, आरक्षी कृष्ण कुमार, अशोक कुमार शामिल रहे। भारत से नेपाल जाने पर अधिकतर 25 हजार रुपये की नगदी ले जाने की अनुमति है।





