टनकपुर रोडवेज डिपो परिसर से पार्ट्स की चोरी के मामले में पुलिस ने अभियुक्त जगदीश सिंह, निवासी वार्ड-तीन, आंबेडकर नगर को गिरफ्तार किया है। अभियुक्त के पास से चोरी का सामान बरामद करते हुए पुलिस ने 12 घंटे में मामले का खुलासा किया है। सीनियर फोरमैन सुरेश पांडेय ने सूचना दी थी कि टनकपुर डिपो एजीएम कार्यालय प्रांगण में नीलामी के लिए खड़े वाहनों से इंजन फैन, रेडियेटर अपर टैंक, एयर फिल्टर पाइप, टर्बों चार्जर एल्युमिनियम पाइप, गेयर लिव, आयल फिल्टर आदि चोरी हो गए हैं। पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने के बाद जांच शुरू की। चोरी करने वाला अभियुक्त हिस्ट्रीशीटर है। उसके विरुद्ध टनकपुर थाने में चोरी, गुंडई, शस्त्र अधिनियम आदि में सात मामले दर्ज हैं। पुलिस टीम में एसआई राकेश कठायत, कांस्टेबल उमेश गिरि, विक्रम सिंह आदि शामिल रहे। वहीं, टनकपुर पुलिस ने आबकारी अधिनियम में वांछित वारंटी सुंदर सिंह नेगी को उसके घर से गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। पुलिस टीम में एएसआई बुद्धि बल्लभ, हेड कांस्टेबल कमल कुमार शामिल रहे।





